रेड रोड कोलकाता 77 वें गणतंत्र दिवस की धूम
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी परेड को सलामी

अजित प्रसाद, कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आज देश का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत भव्यता और राजकीय सम्मान के साथ मनाया गया। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 .30 बजे मुख्यमंत्री के आगमन के साथ हुई, जहाँ उन्होंने उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया।समारोह के दौरान राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

ध्वजारोहण के तुरंत बाद भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रेड रोड पर उपस्थित दर्शकों और परेड पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूरी परेड का निरीक्षण किया और राज्य की विभिन्न सैन्य व नागरिक टुकड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली।इस वर्ष की परेड में बंगाल की समृद्ध संस्कृति और प्रशासनिक उपलब्धियों का अनूठा संगम देखने को मिला: भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया।कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष ‘भैरव वाहिनी’ ने अपने अनुशासित मार्च से सबका ध्यान खींचा। राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा ‘कन्याश्री’, ‘सबुज साथी’ और बंगाल की दुर्गा पूजा जैसी थीम पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गईं।परेड के बाद विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने बंगाल की पारंपरिक लोक कलाओं का प्रदर्शन किया। इनमें जंगलमहल का आदिवासी नृत्य, सुंदरबन की ‘बनबिबी पाला’ और चाय बागान के श्रमिकों का लोक नृत्य प्रमुख रहा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (DG) राजजीव कुमार, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राज्य की प्रगति का संकल्प दोहराया।



