चैंबर में घुसकर प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ की नृशंस हत्या, आरोपी ने थाने में किया सरेंडर

 

Oplus_16908288

वर्धमान, पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान जिले के व्यस्ततम इलाके ‘बादामत ला’ में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात हुई। एक नामी हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) की उनके अपने चैंबर के भीतर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है और डॉक्टरों की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।मृतक चिकित्सक की पहचान डॉ. राजा भौमिक (50) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से बादामतला क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। मंगलवार दोपहर जब वह अपने चैंबर में अकेले थे, तभी आरोपी ने उन पर जानलेवा हमला किया। डॉ. भौमिक का खून से लथपथ शव उनके चैंबर से बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम जीवन रुइदास (27) है, जो शक्तिगढ़ थाना क्षेत्र के आमड़ा का निवासी है। हत्या के तुरंत बाद आरोपी ने खुद वर्धमान सदर थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।डॉक्टर के भाई, रॉकी भौमिक के अनुसार:”आरोपी का दावा है कि उसकी दादी के इलाज में डॉक्टर से गलती हुई थी। इसी रंजिश के चलते उसने मेरे भाई की हत्या कर दी।

हम मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हैं और दोषी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हैं।”हैरानी की बात यह है कि यह घटना पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई। प्रत्यक्षदर्शी नाडू चौधरी ने बताया कि उन्होंने आरोपी को खून से सने कपड़ों में चैंबर से बाहर निकलते देखा था।इस हत्याकांड के बाद वर्धमान के चिकित्सा जगत में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर इलाज को लेकर कोई शिकायत थी, तो कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए था, लेकिन इस तरह कानून को हाथ में लेना पूरी तरह असहनीय है। वर्धमान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असल वजह और किसी अन्य की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button