सिलीगुड़ी में खाकी पर हमला! बीच सड़क पर पुलिसकर्मी को बेल्ट से पीटा, चार युवक गिरफ्तार

 

 सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) : उत्तर बंगाल के व्यापारिक केंद्र सिलीगुड़ी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार युवकों द्वारा एक ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक कांस्टेबल की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। बदमाशों ने अपने पैंट की बेल्ट खोलकर पुलिसकर्मी पर हमला किया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना ने शहर की सुरक्षा और पुलिस के इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में रात के समय चार युवक नशे की हालत में सड़क के बीचों-बीच स्कूटी खड़ी कर हंगामा कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल ने एक सिविक वॉलंटियर के साथ मिलकर उन्हें वहां से हटने को कहा। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते युवकों ने अपनी बेल्ट निकाल ली। बेल्ट के बकल (Buckle) से पुलिसकर्मी पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उनका सिर फट गया।

वारदात को अंजाम देकर चारों आरोपी अपनी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान नगर थाने की पुलिस हरकत में आई और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर चारों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान इस प्रकार है:

विशाल दास, अर्जुन महतो और अजय महतो: सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 5 के निवासी।

रामदेव महतो: कालियागंज का निवासी।

पुलिस ने आरोपियों की स्कूटी जब्त कर ली है। पकड़े गए युवकों पर ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी पर हमला करने और जान से मारने की कोशिश समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहाँ न्यायाधीश ने उन्हें 14 दिनों की जेल हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

इस घटना से सिलीगुड़ी के आम नागरिक स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शहर में पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं और उन पर इस तरह के बर्बर हमले हो रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button