मुर्शिदाबाद के फराक्का में आम के बागान से दो बाल्टी ताजा बम बरामद; इलाके में दहशत, जांच शुरू
फराक्का (पश्चिम बंगाल ) : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक बार फिर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने से हड़कंप मच गया है। फराक्का ब्लॉक के जयरामपुर इलाके में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो बाल्टी भर कर रखे गए ताजा बम बरामद किए हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, फराक्का पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि जयरामपुर के एक आम के बागान में असामाजिक तत्वों द्वारा बम छिपा कर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया, जिसमें दो बाल्टियों में रखे हुए दर्जनों शक्तिशाली बम बरामद हुए।फराक्का थाने के आईसी (IC) अमित मुखर्जी ने बताया कि किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से ये बम यहाँ छिपाए गए थे। पुलिस ने तुरंत बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) को सूचित कर दिया है। जब तक बमों को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय नहीं किया जाता, तब तक पुलिस ने पूरे इलाके को घेर रखा है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।




