बाइक से टक्कर ने कानपुर में कराई बाप – बेटे की हत्या, एक गिरफ्तार, दो की तलाश, तीसरा गंभीर
सुनील बाजपेई
कानपुर। दो बाइकों की टक्कर ने कानपुर में पिता – पुत्र की हत्या करवा दी,जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो फरार है। उनकी तलाश भी लगातार की जा रही है।
दोहरा हत्याकांड के रूप में हड़कंप मचा देने वाली यह घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र में हुई। यहां घर लौट रहे पिता और उनके दो बेटों पर दबंगों ने चाकू और हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पिता शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। सरेशाम हुई इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
घटना के बारे में प्राप्त विवरण के मुताबिक किदवई नगर की मार्बल मार्केट में नौकरी करने वाले चकेरी थाना क्षेत्र के सजारी निवासी शिवनारायण त्रिवेदी घटना के समय अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में यशोदा नगर बाईपास के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक चाकू निकालकर शिवनारायण और उनके दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हेलमेट से भी जमकर वार किए गए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद राहगीरों की सूचना पर नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल हैलट अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
वारदात के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए। जबकि तीसरे को मौजूद भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस दोनों फरार आरोपियों की भी तलाश कर रही है। वहीं क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस भी तैनात की गई है।




