बिहार में अगले 48 घंटे मानसून दिखाएगा दम
-आईएमडी ने जारी किया भारी बारिश.आंधी का अलर्ट
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। बिहार में अगले 48 घंटे के दौरान मौसम तेजी से बदलने वाला है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान बिहार के लोगों को अगले 48 घंटे में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इस दौरान तेज हवा, गरज.चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
शनिवार को मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बाकी जिलों में येलो अलर्ट लागू है। हालांकि रोहतास, भोजपुर और बक्सर के कुछ इलाकों में गर्मी और उमस का असर अभी भी बना रह सकता है। 28 जून को मौसम में और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं 12 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. इस दौरान अधिकांश जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कई जगह 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। 29 जून को भी मौसम विभाग की ओर से पटना समेत पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।
लगातार बारिश शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून बिहार के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण इसकी गतिविधियां अब और मजबूत होंगी। अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने की सलाह दी है। गरज.चमक और आकाशीय बिजली के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।




