शॉर्ट सर्किट से पब में लगी आग

27 लोगों की मौत, 63 गंभीर रूप से घायल

विशेष प्रतिनिधि
बैंकॉक। रविवार की रात बैंकॉक के श्रोंग बीर ना लाट फ्राओ पब में हर आम वीकेंड की तरह संगीत, दोस्तों के ठहाकों और जश्न से गुलजार थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि घड़ी में आधी रात का कांटा छूते ही यह खुशियां थाईलैंड के इतिहास की सबसे खौफनाक रात की आपदाओं में बदल जाएंगी। मंच के पास एयर कंडीशनर में हुए एक शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने पल भर में पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल लोगों में से 22 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पब में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जो लोग कुछ मिनट पहले जिंदगी का जश्न मना रहे थे, वे अचानक जान बचाने के लिए एक.दूसरे के ऊपर गिरने.संभलने लगे। देखते ही देखते पूरा पब काले और घने जहरीले धुएं से भर गया। पब का वह कोना जो थोड़ी देर पहले तक दोस्तों के ठहाकों से गूंज रहा था, वह अचानक चीख.पुकार और बेबसी का गवाह बन गया।
​ इस त्रासदी का सबसे स्याह और दिल को झकझोर देने वाला पहलू इमरजेंसी एग्जिट का बंद होना था। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपंट ने पुष्टि की कि रसोई के पास स्थित एक निकास द्वार पर बीयर के डिब्बे रखे होने के कारण रास्ता पूरी तरह ब्लॉक था, जबकि दूसरे निकास द्वार पर एक बड़ी मेज रखी हुई थी। जैसे ही आग ने पब के अगले हिस्से को अपनी चपेट में लिया, डरे हुए ग्राहक पीछे की ओर भागे। लेकिन सामने खड़े बंद रास्तों ने उनसे जिंदगी का आखिरी मौका भी छीन लिया। लोग बाहर की खुली हवा और जिंदगी से महज चंद कदम की दूरी पर तड़पते रह गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button