कोचिंग विवाद पर पहली बार बोले खान सर हमने कहा था कि कमर में पिस्टल लेकर घूमो?
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। पटना के चर्चित कोचिंग फायरिंग विवाद पर खान सर ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत और पूरे विवाद के बारे में बात की है। खान सर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है।
पॉडकास्ट में खान सर से पूछा गया कि रौशन आनंद का आरोप है कि 2 जून की घटना के बाद उनके बयान की वजह से प्रिंस यादव नेपाल गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। इस पर खान सर ने साफ कहा कि यह आरोप गलत है। उन्होंने कहा कि क्या हमने उसे नेपाल भेजा था क्या हमने कहा था कि किसी का अपहरण करो। कमर में पिस्टल लेकर घूमो या रंगदारी मांगो हमने ऐसा कुछ नहीं कहा।
खान सर ने दावा किया कि प्रिंस यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उनके अनुसार, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उन्होंने कहा कि इन्हीं मामलों के दबाव में वह नेपाल गया था। जब इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि किसी मृत व्यक्ति पर इस तरह के आरोप लगाना क्या सही है, तो खान सर ने कहा कि वह केवल जांच से जुड़ी बातों का जिक्र कर रहे हैं। उनका कहना था कि बिना किसी आधार के उन्हें पूरे मामले का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
खान सर को 9 जून को अंतरिम अग्रिम जमानत मिली थी जिसे बाद में कई बार बढ़ाया गया। 13 जुलाई 2026 को पटना सेशंस कोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी। वहीं, उनके दोनों सुरक्षा गार्डों को भी नियमित जमानत मिल चुकी है। फिलहाल यह पूरा मामला अदालत में विचाराधीन है। दोनों पक्ष अपने.अपने दावे कर रहे हैं और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

