तीन.चार दिन से बंद घर में मां.बेटी के शव मिले
-आ रही थी बदबूय पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
भारत पोस्ट संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी स्थित पूजा कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर के अंदर मां और बेटी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घर पिछले तीन से चार दिन से बंद था। पड़ोसियों को घर से लगातार तेज बदबू आ रही थी। बदबू असहनीय होने पर उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।
पुलिस ने घर के अंदर से मां और बेटी के शव बरामद किए। शवों की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत कुछ दिन पहले ही हुई होगी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों ने इस घटना में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस हत्या के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।




