बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकालकर मनाया स्वतंत्रता दिवस

 

पश्चिमी दिल्ली। बापरोला के जय विहार एक्सटेंशन में पंचकोसी फाउंडेशन की ओर से बच्चों की तिरंगा यात्रा निकालकर स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

इसके बाद स्थानीय छठ पूजा स्थल पर आयोजित ‘स्वतंत्रता दिवस उत्सव’ में बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और आजादी के लिए दिए गए बलिदानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की जिम्मेदारी भी है। इसके बाद विधिवत ध्वजारोहण कर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।

पंचकोसी फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशील कुमार देव ने कहा कि संस्था विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं में देशप्रेम, एकता, अनुशासन तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने उपस्थित बच्चों, युवाओं, महिलाओं और कॉलोनीवासियों को आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों, महापुरुषों, देश की सेनाओं तथा राष्ट्र की सेवा में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button