कलिम्पोंग बिंदू में भारी भूस्खलन से मची दहशत, बाइक सवार बाल-बाल बचा
कलिम्पोंग : पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले के गोरुबथान ब्लॉक अंतर्गत बिंदू इलाके में रविवार को अचानक हुए भारी भूस्खलन से अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक सड़क पर आ गिरा, जिससे वहां से गुजर रहे पर्यटकों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों की जान पर बन आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन उस समय हुआ जब सड़क से पर्यटकों और अन्य वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। मलबा सड़क पर फैल जाने से यातायात प्रभावित हो गया और कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना में एक बाइक सवार बेहद करीब से भूस्खलन की चपेट में आने से बच गया। अचानक पहाड़ी टूटने के कारण बाइक सवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूस्खलन की पूरी घटना कैमरे में भी कैद हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में पहाड़ी का हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है। वीडियो में सड़क से गुजर रहे लोगों के बीच मची अफरा-तफरी और खतरे की स्थिति साफ नजर आती है।
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन और यात्रियों से सावधानी बरतने तथा संवेदनशील मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।



