नंदीग्राम में शुभेंदु ने भरी हुंकार, कहा- ऐतिहासिक अंतर से जीतेंगे
* भाजपा प्रत्याशी हसिरानी रथ ने दाखिल किया नामांकन,
* समर्थकों के साथ एसडीओ कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च
अजित प्रसाद
हल्दिया : नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी हसिरानी रथ के नामांकन के मौके पर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को आयोजित जनसभा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नंदीग्राम में ऐतिहासिक अंतर से जीत दर्ज करेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मैं चुनाव कराना अच्छी तरह जानता हूं। हम इतनी बड़ी मार्जिन से जीतेंगे, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।” उनके इस बयान के बाद सभा में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
अधिकारी ने नंदीग्राम के लोगों को कई आश्वासन भी दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दर्ज झूठे मुकदमों को वापस लेने की पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने नंदीग्राम में विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्थानीय लोगों से कहा कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है।
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि वर्ष 2021 में नंदीग्राम के लोगों को जिस तरह की नागरिक सुविधाएं मिल रही थीं, उन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने वर्ष 2031 तक नागरिक सेवाओं को बनाए रखने की गारंटी देने की बात कही।
अल्पसंख्यकों को लेकर भी दिया बयान
जनसभा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अब उनके “इम्तिहान का वक्त” आ गया है। चुनावी माहौल में उनके इस बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस टिप्पणी पर विपक्ष की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना है।
कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च
जनसभा समाप्त होने के बाद शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हल्दिया के कदमटोला से पैदल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर हल्दिया महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे।
एसडीओ कार्यालय में शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी हसिरानी रथ ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनावी माहौल में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने अभियान को तेज कर दिया है। प्रत्याशी के नामांकन के साथ ही पार्टी ने क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों को धार देने की कोशिश की है। शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में हुए शक्ति प्रदर्शन और उनके बड़े जीत के दावे के बाद अब सभी की नजर विपक्ष की रणनीति पर है।
नंदीग्राम की राजनीति पहले से ही राज्य की सियासत में खास महत्व रखती रही है। ऐसे में विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला कितना रोचक होता है और मतदाता किसके पक्ष में फैसला सुनाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।



