पत्रकारों पर हमले के आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा
1 अक्टूबर को केस डायरी के साथ फिर अदालत में पेश करने का निर्देश, गांधी मूर्ति के सामने पत्रकारों का धरना
सिलीगुड़ी: खालपारा इलाके में सेजल एंटरप्राइजेज में कथित नकली चावल की बिक्री को लेकर पुलिस छापेमारी की कवरेज के दौरान पत्रकार पर हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु बंसल और विवेक बंसल के रूप में हुई है। दोनों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 1 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। साथ ही पुलिस को केस डायरी के साथ निर्धारित तारीख पर दोनों आरोपियों को फिर अदालत में पेश करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और कथित तौर पर छीने गए मोबाइल फोन व अन्य उपकरणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इधर, पत्रकार पर हमले की घटना के विरोध में सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल के पत्रकारों में आक्रोश है। सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पत्रकार कोर्ट मोड़ स्थित गांधी मूर्ति के सामने एकत्र हुए और धरना देकर विरोध जताया। पत्रकारों ने हमले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
अदालत में आरोपियों की जमानत याचिका का भी पत्रकारों और उनके समर्थन में मौजूद वकीलों की ओर से विरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान निशाना बनाया जाना गंभीर मामला है और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अब कथित नकली चावल की बिक्री और पत्रकार पर हुए हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




