कूचबिहार में ट्रक समेत ढहा जर्जर पुल, खड़ीकाबारी में आवागमन ठप; ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
कूचबिहार (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। माथाभांगा-2 ब्लॉक के उनिशबिशा ग्राम पंचायत अंतर्गत खड़ीकाबारी इलाके में एक पुराना पुल भारी ट्रक के गुजरने के दौरान अचानक ढह गया। पुल के टूटने से ट्रक भी नीचे गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, खड़ीकाबारी का यह पुल लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। इसकी स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने कई बार मरम्मत की मांग उठाई थी, लेकिन आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आखिरकार रविवार सुबह भारी वाहन का दबाव पुल सहन नहीं कर सका और वह ट्रक समेत नीचे ढह गया।
इस घटना के बाद खड़ीकाबारी और आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। पुल के टूटने से लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को हो रही है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द घटनास्थल पर नया पक्का पुल बनाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।




