इनरवा पुलिस की बड़ी सफलता: 5 किलो 10 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

 

_रमेश ठाकुर के साथ अब्दुल बासित, मैनाटांड(पश्चिम चंपारण)_इनरवा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 10 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को धर दबोचा है। इसके साथ ही तस्कर के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित खामियां क्षेत्र से एक व्यक्ति गांजा की खेप लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही इनरवा थानाध्यक्ष जय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में छापेमारी की। अभियान के दौरान एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के मलाही टोला निवासी अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इनरवा थाना क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा होने के कारण तस्करी के लिहाज़ से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी को रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। थानाध्यक्ष जय कुमार ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम गुप्त सूचना तंत्र के माध्यम से ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे की इस काली दुनिया पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button