बारिश से जारी जलभराव , नाला सफाई भी अधूरी
सुनील बाजपेई
कानपुर। यहां बारिश ने जलभराव से शहर वालों को बेहाल कर दिया। नाले, नालियों की सफाई के नाम पर पर अबतक केवल खानी पूरी ही नजर आई। नालों की भी सफाई अधूरी पड़ी है जिससे अभी भी गंदगी उतरा रही है। पहली बारिश में ही शास्त्रीनगर, पांडुनगर, गीतानगर, छपेड़ा, आचार्यनगर, आनंदबाग, फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र, जाजमऊ, गज्जूपुरवा और जीटी रोड में जरीब चौकी से रावतपुर तक कई जगह पानी भर गया।
इस बारिश से परेशानी इस लिए हुई क्योंकि नालों से निकली सिल्ट नहीं उठाने से यह सड़कों पर बही, जिससे जगह-जगह कीचड़ हो गया। वीआईपी रोड में डॉट नाला और सड़क धंसने से कार फंस गई। कई जगह पेड़ गिरने से लोगों को दिककतें हुईं। इससे घंटों यातायात प्रभावित रहा। जाजमऊ वीआईपी रोड से चुंगी तक बनाई गई सड़क पर बारिश से पानी भर गया।
इसमें सरैंया चौराहे पर डॉट नाला धंसने से फुटपाथ व सड़क भी धंस गई। इससे करीब 20 फीट लंबा, पांच फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। फुटपाथ पर खड़ी मेराज की कार गड्ढे में घुस गई। साथ ही पेड़ गिरने से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। छह बंगलिया में कमिश्नर बंगले के पास भी सड़क धंस गई।



