बाराबंकी श्रावण मास की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने लोधेश्वर महादेवा मंदिर का किया स्थलीय निरीक्षण

कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि: जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी*

 

बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*बाराबंकीश्रावण मास की शुरुआत से पहले बाराबंकी प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। लोधेश्वर धाम महादेवा मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु कांवड़ लेकर दूर-दूर से दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने सोमवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मंदिर परिसर सहित पूरे क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

*साफ-सफाई, जल एवं प्रकाश व्यवस्था के सख्त निर्देश*

निरीक्षण की शुरुआत महादेवा ऑडिटोरियम से की गई, जहां कांवड़ यात्री विश्राम करते हैं। डीएम ने यहां शौचालयों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और साफ-सफाई को लेकर नगर पंचायत और संबंधित विभागों को निर्देशित किया। बहोनिया तालाब के निरीक्षण के दौरान स्नान स्थल पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, स्वच्छ जल, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, और स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैरिकेडिंग की गुणवत्ता पर असंतोष, तत्काल सुधार के निर्देश
मंदिर परिसर में दर्शन पथ पर हो रही बैरिकेडिंग का निरीक्षण करते हुए डीएम ने सामग्री की गुणवत्ता पर नाराज़गी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि मजबूत व टिकाऊ बल्लियों का इस्तेमाल हो और उन्हें इस प्रकार लगाया जाए कि भारी भीड़ के दबाव में भी न टूटे। मंदिर में रखे मलबे और निर्माण सामग्री को भी तत्काल हटाने का आदेश दिया गया। साथ ही पूरे परिसर की नियमित सफाई के लिए डेडिकेटेड सफाई टीम की तैनाती का निर्देश दिया गया।

*सुरक्षा और निगरानी पर विशेष ज़ोर*

डीएम और एसपी ने सभी संवेदनशील बिंदुओं पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें एक कंट्रोल रूम से जोड़ने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को सभी विद्युत पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से पॉलीथिन से ढकने और निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

चिकित्सा एवं आपात सेवा की समीक्षा
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि संभावित भीड़ वाले स्थानों पर प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस, चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ एवं जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

पार्किंग व कांवड़ रूट की व्यवस्थाएं हों बेहतर
एसडीएम रामनगर ने बताया कि प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थलों का चयन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात को ध्यान में रखते हुए सभी पार्किंग स्थल समतल, जलभराव रहित और प्रकाश, जल व शौचालय सुविधाओं से युक्त हों। साथ ही कांवड़ मार्ग पर जलपान व सहायता केंद्रों की व्यवस्था में समाजसेवियों का सहयोग लेने को कहा।

पूर्व तैयारी के लिए समीक्षा बैठक
निरीक्षण के उपरांत महादेवा पुलिस चौकी में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि श्रावण मास प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से लागू हो जानी चाहिए। जो भी कमियां निरीक्षण के दौरान चिन्हित की गई हैं, उन्हें तत्काल प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए।

एसपी ने दिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, मार्ग डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी, और आपदा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ किया जाए।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अरुण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास त्रिपाठी, एसडीएम रामनगर विवेक शील, नगर पंचायत, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संस्थान, अग्निशमन व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button