श्रावण मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान, दूषित तेल-पकौड़े नष्ट, दुकानों पर चस्पा हुआ फूड सेफ्टी कनेक्ट फॉर्मेट
*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर श्रावण मास के प्रथम सोमवार को महादेवा स्थित लोधेश्वर धाम मेले में श्रद्धालुओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मेला क्षेत्र में लगभग 10 किलोग्राम जला हुआ दूषित तेल और 5 किलोग्राम अत्यधिक रंगयुक्त पकौड़े मौके पर ही नष्ट कराए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य-पेय पदार्थों की बिक्री के लिए जागरूक किया। फूड स्टॉल्स पर “फूड सेफ्टी कनेक्ट” फॉर्मेट चस्पा किया गया और दुकानदारों को दुकान नंबर आवंटित किए गए। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची भी दुकानों पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान की श्रृंखला जारी रही। मियांगंज और रामसनेहीघाट से धनिया पाउडर और मिर्च पाउडर, बदोसराय से नमकीन, धनिया व हल्दी पाउडर तथा सैदनपुर से खाद्य तेल के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
इसके अतिरिक्त, जिला महिला चिकित्सालय बाराबंकी परिसर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से फूड सप्लीमेंट के 4 नमूने, असद मेडिकल स्टोर दरियाबाद से 3 नमूने तथा पीएचसी सिरौलीगौसपुर स्थित मेडिकल स्टोर से 4 नमूने संग्रहित किए गए।
इस प्रवर्तन अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, भगौती प्रसाद, अर्शी फारूकी, पल्लवी तिवारी एवं अनुराधा मिश्रा शामिल रहे।


