बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी शुरू, आज से एफएलसी प्रक्रिया प्रारंभ

 

_रमेश ठाकुर -पश्चिम चंपारण,बिहार_बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर राज्य में ईवीएम मशीनों की ‘फर्स्ट लेवल चेकिंग’ (एफएलसी) प्रक्रिया की शुरुआत आज, 2 मई से कर दी गई है। यह प्रक्रिया राज्य के सभी 38 जिलों में चरणबद्ध रूप से 30 जून 2025 तक पूरी की जाएगी।

एफएलसी कार्य का संचालन इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) की 13 विशेषज्ञ टीमों द्वारा किया जा रहा है। इन टीमों में कुल 189 इंजीनियरों को नियुक्त किया गया है। सभी इंजीनियरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि एफएलसी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न किया जा सके।

एफएलसी प्रक्रिया के अंतर्गत बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट मशीनों की तकनीकी जांच, सफाई, सीलिंग, सीरियल नंबर मिलान, बूटिंग टेस्ट, कनेक्टिविटी टेस्ट एवं कागजी रिकॉर्ड के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य है और पूरी प्रक्रिया का वीडियोग्राफ़ी कराई जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

चुनाव आयोग ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि एफएलसी केंद्रों पर कड़ी निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद ही मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, यह प्रक्रिया आगामी विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button