भूजल संरक्षण के लिए संगोष्ठी, पौधों का भंडारा और सम्मान समारोह आयोजित
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*
बाराबंकी। डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक सभागार में भूजल सप्ताह 2025 के अंतर्गत संगोष्ठी, पौधों का भंडारा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन जनहित कल्याण सेवा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर अभियंता भूगर्भ जल विभाग उत्तर प्रदेश अनुपम रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेल्फी विद ट्री, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्रों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि अनुपम ने छात्रों को जागरूक करते हुए कहा कि भूजल स्रोतों को सुरक्षित रखकर ही मानव और पशु स्वास्थ्य को अच्छा बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके बिना मानव जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने सभी से दैनिक जीवन में कम से कम एक लीटर पानी बचाने का संकल्प लेने की अपील की।
भूजल उत्सव में चिकित्सा के क्षेत्र में नेत्र चिकित्सक विवेक कुमार और दंत चिकित्सक सत्य मित्र को सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण क्षेत्र में जन जागरूकता के लिए जुड़े सोशल मीडिया साथियों को आशीष वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अवर अभियंता अमोद कुमार और पूर्व संयुक्त निदेशक उद्यान विभाग नन्दलाल मणि त्रिपाठी ने बच्चों को जल के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रचना श्रीवास्तव ने कहा कि भूजल संरक्षण एवं संचयन के लिए पुराने तालाबों और कुओं को संरक्षित करना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी जल का स्रोत मिल सके।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आशीष वर्मा, आशुवेंद्र वर्मा, विवेक कुमार वर्मा, शिवानी वर्मा, रवी धीमन, स्वेच्छा वर्मा, मृत्युंजय पटेल और रजत वर्मा आदि लोगों ने प्रतिभाग किया।




