स्कूली वाहनों की फिटनेस अनिवार्य, मानकों का पालन न करने वाले स्कूलों की मान्यता होगी रद्द : डीएम
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*
बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समस्त विद्यालयों को 25 जुलाई तक स्कूली वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप स्कूली वाहनों को फिट रखना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। जिन विद्यालयों के स्कूली वाहनों की फिटनेस नहीं होगी, उनकी मान्यता रद्द की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालयों में बाइक और स्कूटी से आने वाले नाबालिग छात्र-छात्राओं को भी जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी नवाबगंज आनंद कुमार तिवारी, ईओ नगर पालिका नवाबगंज संजय शुक्ला, एआरटीओ अंकिता शुक्ला, जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर, टीआई रामयतन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी, जीजीआईसी की प्रिंसिपल डॉ. पूनम सिंह, जीजीआईसी देवा की प्रिंसिपल डॉ. सुविद्या वत्स सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।



