राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम करें खिलाड़ी: खेल मंत्री

राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट अंडर 17 बालक एवं बालिका वर्ग का शानदार आगाज

 

नॉकआउट के पहले मैच में जमुई ने मुजफ्फरपुर को 2–0 से तो दूसरे मैच में पटना ने वैशाली को एक तरफा मुकाबला में 9 -0 से किया पराजित

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वाधान में राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल खेल प्रतियोगिता 2025 अंडर 17 बालक एवं बालिका वर्ग का शानदार आगाज सोमवार को यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों के साथ है। आज खेल क्लब के साथ-साथ हर पंचायत में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं।

मेडल लाओ और नौकरी पाओ के द्वारा केंद्र और राज्य सरकार खेल को बढ़ावा दे रही है। मंत्री ने कहा कि आज बच्चे खेल कर भी नवाब बन रहे हैं। बिहार के यह बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम करें। उन्होंने कहा कि खेल से एकता का संदेश मिलता है। खेल और खिलाड़ी को आगे बढ़ाने में वर्तमान केंद्र और राज्य सरकार की उन्होंने तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और खेल विभाग द्वारा हर तरह से इस प्रतियोगिता की शानदार तैयारी की गई है। तेघड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि बेगूसराय में लगातार इस तरह के खेल का आयोजन होना एक सुखद संकेत है। पहली बार सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन बेगूसराय में हो रहा है। यमुना भगत स्टेडियम और इस क्षेत्र को लोग अब खेल गांव के रूप में जान रहे हैं। खेल कोटे से लगातार इस क्षेत्र के खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिल रही है। सभी खिलाड़ी अच्छा खेलें और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हो बिहार का नाम रौशन करें। 04 से लेकर 09 अगस्त तक इस फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन यमुना भगत स्टेडियम तेघड़ा बेगूसराय में हो रहा है। पूरे प्रदेश की टीमें कर रही है शिरकत। इस आयोजन में लगे हुए सभ सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों को उन्होंने धन्यवाद दिया। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय श्याम सहनी ने जिला प्रशासन की ओर से खेल मंत्री सुरेंद मेहता और अन्य आगंतुक अतिथियों का अभिवादन किया। सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर में शानदार खेल के लिए शुभकामनाएं दी। मंच संचालक और उद्घोषक की भूमिका शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने निभाई।इस अवसर पर संजीव कुमार मुन्ना, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, राजेश कुमार रौशन, शुभम, मणिकांत, पिंकी, पल्लवी, लक्ष्मी आदि ने खेल प्रतियोगिता के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल अंडर 17 बालिका वर्ग का सभी मैच नॉकआउट खेला गया। पहले मैच में जमुई ने मुजफ्फरपुर को 2–0 से हराया। जमुई की ओर से शांतिश कुमारी और अनिका मुर्मू ने 1-1 गोल किया। मुजफ्फरपुर टीम की ओर से कोई गोल नहीं किया गया। पटना और वैशाली के बीच दूसरा मैच खेला गया। पटना ने एक तरफा मुकाबला में वैशाली को 9 -0 से हराया। पटना की ओर से कप्तान काव्या, जिया और अनुष्का ने 2-2 गोल, अदिति और सुप्रिया ने एक-एक गोल किया।वैशाली की टीम गोल का खाता नहीं खोल पाई। पहले और दूसरे मैच में अनुराग कुमार, अमन कुमार, ज्योति कुमारी और कैलाश पंडित निर्णायक के रूप में रहे। तीसरा मैच पश्चिम चंपारण और मुंगेर के बीच खेला गया।
पश्चिम चंपारण ने मुंगेर को एक तरफा मुकाबले में 6–0 हराया।
पश्चिम चंपारण की ओर से दामिनी 3 गोल, रानी 2 गोल और गीता ने 1 गोल किया। मुंगेर की महिला टीम कोई गोल नहीं कर सकी। चौथा मैच सारण और पूर्णिया के बीच खेला गया। सारण ने एक तरफा मुकाबले में पूर्णिया को 5-0 से हराया। सारण की ओर से खुशबु 3 गोल और सपना ने 2 गोल किया। पूर्णिया की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button