बीएलए-2 की नियुक्ति शत-प्रतिशत करें राजनैतिक दल: प्रेक्षक भरत खेड़ा
समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा नियुक्त विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक भरत खेड़ा के द्वारा राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, सहायक समाहर्ता अजय यादव, नगर आयुक्त नगर निगम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अवर निबंधन पदाधिकारी सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक/राज्यस्तरीय राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक भरत खेड़ा को पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो से सम्मानित किया।
डीएम ने विशेष प्रेक्षक को जिले में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण में अब तक किये गये कार्यों से अवगत कराया। श्री खेड़ा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य है कि जो भी मतदता भारत के नागरिक हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो पाए तथा अयोग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जाये। उन्होंने 2 अगस्त से 1 सितंबर तक चलने वाले दावा आपत्ति में सभी राजनैतिक दलों से सहयोग करने की अपील की है। साथ ही जिन राजनैतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है, उनसे शत-प्रतिशत नियुक्त करने की भी बात कही गई। श्री खेड़ा ने कहा कि जो भी मतदाता 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के होंगे, वैसे मतदाता भी अपना नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरकर बीएलओ को दे सकते हैं, ताकि फाइनल मतदाता सूची प्रकाशन में उनका नाम शामिल हो सकें। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची में सुधार, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपित करने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आगामी बिहार विधान सभा चुनाव में त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। इस अवसर पर उन्होंने रानजैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया गया। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रत्येक गतिविधि के संबंध में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा लगातार सूचनाएं साझा की जा रही है। जिससे सभी पक्षों को अद्यतन जानकारी मिल रही है।




