नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश – स्वच्छता रैंकिंग सुधार, कल्याण मंडप व तालाब सौंदर्यीकरण पर विशेष बल

 

बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*

बाराबंकी, 19 अगस्त 2025। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली और विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर स्वच्छता समेत विभिन्न श्रेणियों में आने वाली रैंकिंग में जनपद की स्थिति बेहतर करने के लिए सभी निकाय गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से अपेक्षा की कि स्वच्छता के प्रत्येक बिंदु पर समयबद्ध प्रगति दर्ज हो तथा फील्ड स्तर पर किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्ज़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण की स्थिति मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए और जुर्माना वसूला जाए। साथ ही, नगर निकायों में अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों में निर्माणाधीन कल्याण मंडपों की प्रगति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन मंडपों का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाए ताकि जनता को समय पर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर बोलते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक निकाय अपने-अपने क्षेत्र में स्थित तालाबों पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने निर्देशित किया कि इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने पाए तथा तालाबों को सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में कार्य किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि तालाबों को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखकर इन्हें आमजन के लिए उपयोगी बनाया जाए ।जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में स्थित पार्कों को भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बकाया वसूली को प्राथमिकता पर लिया जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकाय अपने-अपने राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।समीक्षा बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना तथा शहरी आजीविका मिशन जैसी योजनाओं की प्रगति भी परखी गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी(वि0रा0) श्री अरुण कुमार सिंह,डिप्टी कलेक्टर श्री विवेकशील,नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button