जीडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने निकाली नशा मुक्ति रैली

युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। जिले के जीडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना और सेहत केंद्र के द्वारा नशा मुक्ति रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य था लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश देना। रैली की शुरुआत कॉलेज परिसर से प्रोग्राम ऑफिसर की अगुवाई में हुई।स्वयंसेवक हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे। जिन पर लिखा था, नशा छोड़ो, जीवन अपनाओ, युवा शक्ति का नारा, नशा मुक्त हो देश हमारा और स्वस्थ समाज ही समृद्ध भारत की नींव है। सेहत केंद्र के पियर एडुकेटर सुमित कुमार ने रैली का समापन करते हुए स्वयंसेवकों को शपथ दिलाई कि हम नशे का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। जीडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण प्रसाद सिन्हा ने नशा मुक्ति रैली को समाज हित में एक सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की रैलियां और अभियान लगातार चलते रहे तो निश्चित रूप से समाज को नशे की बुरी आदतों से मुक्त किया जा सकता है। स्वयंसेवकों का यह प्रयास युवा शक्ति की जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का स्पष्ट प्रमाण है। राष्ट्रीय सेवा योजना के यूनिट एक की कार्यक्रम पदाधिकारी सह सेहत केंद्र की नोडल ऑफिसर डॉ. सहर अफ़रोज़ ने कहा कि नशा समाज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। शराब, गुटखा, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थ युवाओं को बर्बादी की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर उन्हें समाधान की राह दिखाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। राष्ट्रीय सेवा योजना के यूनिट दो के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश कुमार ने इस रैली के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि तंबाकू और शराब जैसी लतें कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की समस्या और मानसिक तनाव जैसी बीमारियों को जन्म देती हैं। उन्होंने अपील की कि युवा वर्ग अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाए और स्वस्थ जीवन का मार्ग अपनाएं। सेहत केंद्र के पियर एडुकेटर सुमित कुमार ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति का जीवन तबाह करता है, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को छीन लेता है। स्वयंसेवक अजित कुमार व विक्रम राठौड़ ने कहा कि स्वयंसेवकों के जोशीले नारों ने कॉलेज के मुख्य द्वार का माहौल जीवंत कर दिया।राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने रैली का स्वागत किया और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। कई लोगों ने पहल समाज को नई दिशा देने वाला बताया। इस मौके पर पियर एडुकेटर सुमित कुमार, अजित कुमार, रौशन, गुलशन कुमार, विक्रम राठौड़, राहुल, राजन गुप्ता, अभिनव, प्रिंस केशरी, अमन, गोविन्द, सूरज, फलक, साजिया, शहनाज खातून, सोनी कुमारी, मुस्कान कुमारी,
सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button