दुर्गापूजा में उपद्रवियों की नहीं चलेगी मनमर्जी, निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयार: डीएम

अवैध शराब बिक्री की गुप्त सूचना पर डीएम ने उत्पाद अधीक्षक को दिया तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश

 

समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में शांति समिति की बैठक में विधि-व्यवस्था की हुई समीक्षा

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। गुरुवार को जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला की अध्यक्षता में दुर्गापूजा पर्व के मद्देनजर समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में शांति समिति की बैठक हुई।

जिसमें विधि-व्यवस्था संधारण की समीक्षा की गई। बैठक में सहायक समाहर्ता बेगूसराय, नगर आयुक्त नगर-निगम, सिविल सर्जन बेगूसराय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बेगूसराय अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेगूसराय, कार्यपालक अभियंता विद्युत सहित दुर्गापूजा समिति के सदस्य एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गापूजा के सुचारू संपादन के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित दायित्वों का शत-प्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जा रह है। पुलिस बल की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है, ताकि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई भी कठिनाई नहीं हो। उन्होंने सभी पूजा पंडाल समिति से भी अपने-अपने पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया, ताकि उपद्रवियों से निपटा जा सके। उन्होंने सभी समितियों में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उप्द्रवियों से भी सख्ती से निबटने को कहा गया। डीएम ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की पहचान कर दण्ड-प्रक्रिया संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने नगर आयुक्त को सड़कों की साफ-सफाई कराने, अस्थायी शौचालय, पेजल एवं लाईट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन को सभी पूजा-पंडालों में मेडिकल कीट के साथ-साथ स्टाफ की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। साथ ही एंबुलेंस एवं आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। दुर्गा पूजा के अवसर पर ट्रैफिक को रेगुलेट करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिस की प्रतिनियुक्ति करने की बात कही गई। जनहित एवं आम जनता की व्यापक सुरक्षा की दृष्टिकोण से पूजा पण्डाल के संबंध में दुर्गापूजा के आयोजकों/व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। पूजा पंडाल में विधिवत विद्युत कनेक्शन लेकर पंडालों का निर्माण विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी पर ही करने तथा विद्युत अधिनियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने उत्पाद अधीक्षक बेगूसराय को छापेमारी के लिए टीम बनाकर अवैध शराब बिक्री की गुप्त सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई करने की बात कहीं। एसडीओ एवं एसडीपीओ अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत विधि व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे। सदर एसडीओ का निदेश दिया गया है कि नगर-निगम से समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक चौक से स्टेशन रोड तक जो गड्डा है एवं बिना नाले के ढक्कन हैं उसे ठीक कराया जाय। उन्होंने शहरी क्षेत्र से ग्रामीण क्षेत्रों तक गश्ती दल बढ़ाने पर बल दिया। नगर आयुक्त को निदेश दिया गया कि सभी मुख्य मार्ग तथा गलियों में लाईटिंग व्यवस्था दुर्गापूजा के पहले अच्छी तरह से ठीक हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button