धूपगुड़ी स्थित जलढाका पुल से नदी में कूदी एक महिला को ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक होम गार्ड और सिविक वालंटियर ने जान पर खेलकर बचाया,

* पुलिस की मानवीयता की सराहना 

 

 

अजित प्रसाद/जलपाईगुड़ी,  :जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी क्षेत्र में पुलिस का एक बेहद मानवीय और सराहनीय चेहरा सामने आया है। धूपगुड़ी स्थित जलढाका पुल से नदी में कूदी एक महिला को ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक होम गार्ड और सिविक वालंटियर ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया। पुलिस कर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई और जान बचाने के जज्बे की स्थानीय निवासी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जमकर तारीफ कर रहे हैं।क्या है पूरी घटना?मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर धूपगुड़ी के मगुरामारी 2 नंबर ग्राम पंचायत अंतर्गत जलढाका इलाके की निवासी पारमिता राय अचानक जलढाका पुल से उफनती नदी में कूद गईं। महिला को नदी में कूदते देख वहाँ ड्यूटी पर तैनात जलढाका ट्रैफिक गार्ड के होम गार्ड रतन राय और सिविक वालंटियर कलाम हुसैन बिना एक पल गंवाए मौके की ओर दौड़े।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिविक वालंटियर कलाम हुसैन तुरंत नदी में उतर गए और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लाया।परिजनों को दीb गई सूचना, अस्पताल में भर्तीमहिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद पुलिस कर्मियों ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) की एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया। एम्बुलेंस की मदद से महिला को तुरंत धूपगुड़ी अनुमंडल अस्पताल (Sub-Divisional Hospital) ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अब महिला की स्थिति सामान्य और स्थिर है।डीएसपी ट्रैफिक ने की पुलिस कर्मियों की तारीफपुलिस कर्मियों की इस बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा पर जलपाईगुड़ी के डीएसपी (ट्रैफिक) गेलसेन लेपचा ने गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ संकट में पड़े लोगों की मदद करना और जनसेवा करना ही पुलिस का असली कर्तव्य है। मौके पर तैनात कर्मियों ने असाधारण सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए बहुत ही सराहनीय काम किया है।”पुलिस की इस तत्परता और मानवीय पहल को देखकर स्थानीय लोगों में भारी खुशी है और हर कोई इन जांबाज जवानों की सराहना कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button