जलपाईगुड़ी में टेलीफोन टावर से गिरकर श्रमिक की मौत, मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा
जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल )| जलपाईगुड़ी जिले के डुआर्स इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। टेलीफोन टावर की मरम्मत के दौरान एक श्रमिक की ऊँचाई से गिरकर मौत हो गई। यह घटना मंगलवार को मेटली ब्लॉक के चालसा टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय में घटी।मृतक की पहचान रफिकुल इस्लाम (33) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का निवासी था। जानकारी के अनुसार, मुर्शिदाबाद से एक श्रमिक दल चालसा के टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय में टावर की मरम्मत के लिए आया था।मंगलवार सुबह रफिकुल इस्लाम टावर पर चढ़कर मरम्मत का कार्य कर रहा था, तभी अचानक वह नीचे गिर गया। उसे गंभीर हालत में तुरंत मंगलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही मेटली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना कैसे हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


