ट्रैक्टर-ट्रॉली के गुप्त तहखाने से 302 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
_रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण, बिहार_ पश्चिम चंपारण जिले के ठकराहा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार की सुबह करीब 10 बजे पीपी तटबंध स्थित ठोकर नंबर-4 के समीप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब कारोबार से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
ठकराहा थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश सीमा से शराब की बड़ी खेप पीपी पुल के रास्ते पूजहा पटजिरवा की ओर भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई जब ट्रॉली के अंदर बेहद शातिर तरीके से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला। तहखाने को इस प्रकार तैयार किया गया था कि सामान्य जांच में किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने जब तहखाना खोलकर देखा तो उसमें छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 35 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब ‘8 PM’ ब्रांड की बताई जा रही है, जिसकी कुल मात्रा 302.4 लीटर है।
मौके से गिरफ्तार तस्करों की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के खड़ा कुंजलहि निवासी राजेश कुमार साहनी एवं संतोष कुमार साहनी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने खुलासा किया कि शराब की यह खेप बैरिया प्रखंड के नौतन जगदीशपुर निवासी सरोज साहनी और अजय साहनी की है। पुलिस अब दोनों कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2024 में तत्कालीन थानाध्यक्ष जयनारायण राम के नेतृत्व में भी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। अब वर्तमान थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई कर शराब माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्कर चाहे कितनी भी नई तरकीब अपनाएं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



