एक लाख का इनामी बदमाश आसिफ अली ढेर
-कई राज्यों में दर्ज थे 20 से अधिक मुकदमे
भारत पोस्ट संवाददाता
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मंगलवार सुबह अंबेडकरनगर में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ अली को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर सुबह करीब चार बजे जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर जगदीशपुर गांव के पास हुआ। आसिफ पर जौनपुर डबल मर्डर समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज थे।
एसटीएफ के अनुसारए सूचना मिली थी कि आसिफ अली अंबेडकरनगर में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके की घेराबंदी की. खुद को घिरता देख वह बाइक से भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही के दाहिने हाथ में गोली लगी, इसके बाद एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आसिफ के सीने में दो गोलियां लगीं। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, 12 बोर का तमंचा और एक बाइक बरामद की है।
नोएडा एसटीएफ यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा ने बताया कि आसिफ अली जौनपुर में हुई डकैती और दो महिलाओं की हत्या के मामले में वांटेड था। इस वारदात में तीन अन्य लोगों पर भी जानलेवा हमला किया गया था, लेकिन उनकी जान बच गई थी। इसी मामले में जौनपुर पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, आसिफ के खिलाफ उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में हत्या, डकैती और लूट समेत करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस का कहना है कि आसिफ कुख्यात छैमार गैंग का सरगना था. उस पर पति.पत्नी समेत छह लोगों की हत्या के आरोप थे। गिरोह का तरीका लगभग हर वारदात में एक जैसा रहता था। बदमाश रात के समय कच्छा.बनियान पहनकर घरों में घुसते, परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करते और विरोध करने पर हत्या कर फरार हो जाते थे। वारदात के बाद आरोपी अपना नाम और ठिकाना बदलकर दूसरे जिले या राज्य में छिप जाते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आसिफ और उसके गिरोह ने अलग.अलग जिलों में कई बड़ी डकैतियों और हत्याओं को अंजाम दिया था। 19 अक्टूबर 2013 को सुल्तानपुर में डकैती के दौरान एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है। 2014 में जौनपुर के शाहगंज में डकैती के दौरान दो महिलाओं की हत्या और परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला करने का भी आरोप है। 15 अगस्त 2015 को कौशांबी में पति.पत्नी की हत्या के बाद डकैती करने का आरोप है। 19 अगस्त 2015 को मुजफ्फरनगर में एक ही रात कई घरों में डकैती और महिलाओं पर हमला किया। 13 जनवरी 2021 को कानपुर देहात के रसूलाबाद में एक व्यक्ति की हत्या करने का मामला है।



