दिल में बाबर मुंह में राम
पोस्टर से सपा नेताओं का खौल उठा खून
भारत पोस्ट संवाददाता
मथुरा। मथुरा.वृंदावन में मंगलवार सुबह विवादित होर्डिंग लगाए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। गोवर्धन चौराहे के निकट हाईवे और एफसीआई के पास लगे होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को धर्म विशेष की टोपी पहने हुए दर्शाया गया है। होर्डिंग पर दिल में बाबर, मुख में राम जैसे आपत्तिजनक नारे भी लिखे थे। सुबह लोगों की नजर इन होर्डिंगों पर पड़ते ही उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी की छवि धूमिल करने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की साजिश बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोवर्धन चौराहे तथा एफसीआई के निकट लगे दोनों होर्डिंग तत्काल हटवा दिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवादित होर्डिंग किसने लगाए। हालांकि मंगलवार रात की ही यह कृत्य किया गया है। सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह सुनियोजित साजिश के तहत समाजवादी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व की छवि खराब करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैंए लेकिन इस प्रकार की आपत्तिजनक हरकतें सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत हैं। इसी तरह के विवादित पोस्टर अयोध्या और बाराबंकी में भी लगाए गए हैं। मथुरा में पोस्टर हटाए जाने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।




