बंगाल सुपर लीग ट्रॉफी का हुआ अनावरण* – कंचन जंगा स्टेडियम में पहला मुकाबला 23 को
अजित प्रसाद (विशेष संवाददाता ) सिलीगुड़ी: बंगाल सुपर लीग (BSL) के पहले संस्करण का उत्साह चरम पर है। लीग के शुभारंभ से पहले बहुप्रतीक्षित ट्रॉफी टूर आज सिलीगुड़ी पहुंचा। यहाँ इस ट्रॉफी का अनावरण किया गया। फुटबॉल के लिए दीवाने इस शहर में प्रशंसकों को चैंपियनशिप ट्रॉफी को करीब से देखने और छूने का मौका मिला।
9 दिन की यह राज्यव्यापी ट्रॉफी यात्रा 7 दिसंबर को कैनिंग से शुरू हुई थी और 14 दिसंबर 2025 को लीग के उद्घाटन तक विभिन्न शहरों में पहुंच रही है। सिलीगुड़ी में ट्रॉफी को वेगा सर्किल मॉल में प्रदर्शित किया गया, जहां सैकड़ों प्रशंसक, युवा खिलाड़ी और फुटबॉल प्रेमी पहुंचे। इस दौरान देश के प्रसिद्ध पूर्व फुटबॉलरों के साथ इंटरैक्टिव सेशन भी हुए। इसमें घाना के विख्यात फुटबॉलर सुले मुसा भी थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को नॉर्थ बंगाल यूनाइटेड एफसी के मालिकों – विश्वजीत भट्टाचार्जी, सुले मुसा, अमित चक्रवर्ती, राजा बर्मन, नारायण विजन और राहुल चक्रवर्ती ने संबोधित किया।
श्राची स्पोर्ट्स के राहुल टोदी ने कहा, “बंगाल का हर जिले में फुटबॉल की अलग धड़कन है। ट्रॉफी टूर के जरिए हम उन समर्थकों को सम्मान दे रहे हैं जिन्होंने जमीनी स्तर पर इस खेल को जिंदा रखा है। हम चाहते हैं कि लीग शुरू होने से पहले हर शहर खुद को इससे जुड़ा महसूस करे।”
जुलाई 2025 में लॉन्च हुई बंगाल सुपर लीग को भारतीय फुटबॉल संघ (IFA) से मान्यता प्राप्त है। लीग में 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं – सुंदरबन बंगाल ऑटो एफसी, नॉर्थ 24 परगना एफसी, हावड़ा-हुगली वॉरियर्स, एफसी मेदिनीपुर, बर्दवान ब्लास्टर्स, कोपा टाइगर्स बीरभूम, जेएचआर रॉयल सिटी एफसी (मालदा-मुर्शिदाबाद) और नॉर्थ बंगाल यूनाइटेड एफसी। सभी मैच कोलकाता के बाहर 8 जिलों में खेले जाएंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिले। सिलीगुड़ी के कंचनजंगा स्टेडियम में इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 23 दिसम्बर को होगा । यहाँ कुल ६ मैच खेले जायेंगे। यहाँ नार्थ बंगाल यूनाइटेड एफसी का होम ग्राउंड है ।



