भारत विकास परिषद ने किया भारत को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का शानदार आयोजन

कुरुक्षेत्र, 6 अक्टूबर :  भारत विकास परिषद कुरुक्षेत्र शाखा द्वारा शाखा स्तरीय भारत को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का शानदार आयोजन सलारपुर रोड स्थित गीता निकेतन के सभागार में किया गया जिसमें शहर के 20 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लिया । कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम से किया गया तत्पश्चात शाखा संरक्षक रतन चंद सरदाना एवं वरिष्ठ सदस्य रमेश गुलाटी द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजीव चावला जी अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन कुरुक्षेत्र, एवं विशिष्ट अतिथि रामेंद्र सिंह निर्वतमान निदेशक ,विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान को श्रीफल एवं अंग वस्त्र देकर उनका स्वागत किया गया । शाखा सचिव बलजीत चावला ने कार्यक्रम के बारे में एवं भारत विकास परिषद कुरुक्षेत्र द्वारा की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में उपस्थित सभी अतिथियों एवं अन्य लोगों को विस्तृत जानकारी प्रदान की । शाखा के वरिष्ठ सदस्य सुशील सूद द्वारा आए हुए सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को प्रतियोगिता के नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई । आज की भारत को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता वरिष्ठ और कनिष्ठ दो वर्गों में की गई जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह पूर्वक भाग लिया एवं क्विज मास्टरों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर फटाफट देकर विद्यार्थियों में एक दूसरे से आगे बढ़ाने की होड़ लगी रही । कार्यक्रम में बहुत ही अनुभवी क्विज मास्टर डॉ अशोक चौधरी, डॉ जवाहरलाल, सुशील सूद, अखिलेश गुप्ता एवं बलजीत चावला ने प्रतियोगी विद्यार्थियों से बहुत ही शानदार अंदाज में प्रतियोगी प्रश्न पूछ कर प्रतियोगिता को रोचक बनाए रखा । प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने भी फटाफट प्रश्नों के उत्तर देकर वहां उपस्थित जन समूह को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया । कार्यक्रम की तकनीकी व्यवस्था में डॉ नितिन गोयल, अतुल गोयल आदि ने विशेष सहयोग किया । प्रवीण घई, डॉ हरिप्रकाश शर्मा और जयप्रकाश पवार जी ने अंक तालिका बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया ।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में अग्रसेन पब्लिक स्कूल ने प्रथम ,महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल ने द्वितीय एवं डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया और वरिष्ठ वर्ग में महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल ने प्रथम, अग्रसेन पब्लिक स्कूल ने द्वितीय एवं सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । मुख्य अतिथि राजीव चावला जी ने अपने संबोधन में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने एवं बच्चों में संस्कार भरने का पुनीत कार्य करने के लिए भारत विकास परिषद की प्रशंसा की तथा भविष्य में विद्यार्थियों के उत्थान के लिए अपनी तरफ से हर संभव सहायता करने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button