बहरोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आदतन व वांछित अपराधियों पर लिया कड़ा एक्शन !
सुबह तड़के 5 बजे अपराधियों के ठिकानों पर मारा छापा, चार को किया गिरफ्तार !
17 टीमों में शामिल करीब 165 पुलिस कर्मियों ने अलग-अलग जगह एक साथ दी दबिश !
अभियान में आला अधिकारियों सहित 12 थानाधिकारी व पुलिस लाइन और आरएसी के जवान रहे शामिल !
कोटपूतली-बहरोड़-
जिले में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए बहरोड़ थाना क्षेत्रों की पुलिस ने तड़के सुबह एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देशन में 17 टीमों के 165 जवानों ने आदतन और वांछित अपराधियों के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।
इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की सख्ती के चलते कई अपराधी अपना इलाका छोड़ भूमिगत हो गए।
कैसे चला ऑपरेशन?–
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज के नेतृत्व में वृताधिकारी वृत्त बहरोड कृतिका यादव व वृताधिकारी वृत्त नीमराना सचिन शर्मा सहित करीब 12 थानों के थानाधिकारी, आरएसी के जवान और पुलिस लाइन के जाप्ते ने 17 टीमों के रूप में अल सुबह 5 बजे के करीब अपराधियों के घरों व ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। मकानों की गहन तलाशी लेकर अवांछनीय वस्तुओं की जांच की गई।
चार आरोपीयों को किया गिरफ्तार—
इस अभियान के तहत पुलिस ने इंद्रजीत उर्फ कोतवाल पुत्र लीलाराम उर्फ जागेराम यादव(27 वर्ष),सुशील पुत्र दयाराम यादव (37 वर्ष),नवीन पुत्र दयाराम यादव (26 वर्ष),कमल पुत्र दीवान चंद गुर्जर (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी चारो आरोपी बहरोड़ क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। इन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अभियान से अपराधियों में दहशत—
इस दबिश अभियान ने क्षेत्र के अपराधियों को खौफजदा कर दिया है। कार्रवाई के तहत चल रहे अभियान से खौफजदा कई आपराधिक प्रवृत्ति में लिप्त बदमाश क्षेत्र छोड़कर भूमिगत हो गए।
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि “हमारा उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय पैदा करना है। यह अभियान पुलिस की इसी नीति का हिस्सा है,” अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




