पटना में एसटीएफ का बड़ा एक्शन
टॉप.10 वांछित बदमाश मुकेश दास गिरफ्तार
-शराब तस्करी का चला रहा था काला नेटवर्क
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। पटना में एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में टॉप.10 वांछित बदमाश मुकेश दास को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ शराब तस्करी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार मुकेश दास को रानीतालाब इलाके से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। वह मालसलामी थाना क्षेत्र के बुंदेल टोली का रहने वाला है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुकेश दास पटना जिले के टॉप.10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था। उसके खिलाफ मालसलामी थाना में शराब तस्करी से जुड़े सात मामले दर्ज हैं। जिसके कारण पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय हो जाता था। वह वैशाली से शराब की खेप लाकर पटना में सप्लाई करता था। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को मालसलामी थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और साथियों की जांच में जुटी हुई है।




