तेंदुए की चहल कदमी से आईआईटी कानपुर में दहशत ,लगाए गए पिंजरे

 

सुनील वाजपेई
कानपुर । यहां आईआईटी प्रशासन और छात्र बहुत दहशत में है। वजह है बीते 24 घंटे से लगातार जारी तेंदुए की चहल कदमी।
उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने दो पिंजरे भी लगाए हैं ,लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि तेंदुओं को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
तेंदुए को पकड़ने के लिए जारी प्रयास के दौरान यहां आईआईटी के जंगल में तेंदुआ के पैरों के निशान और मल मिला है।
इस बीच गंभीरता को देखते हुए मुख्य वन जीव अभिरक्षक संजय श्रीवास्तव ने वन विभाग के सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभी हमारी टीम ने दो पिंजरे जंगल की तरफ लगाए हैं। इसके अलावा मुख्य वन संरक्षक केके सिंह, प्रभारी वन अधिकारी दिव्या ने आईआईटी परिसर का निरीक्षण भी किया है। निरीक्षण के दौरान तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं।
लगातार जंगलों में तेंदुए की हलचल को देखते हुए वन विभाग की टीम ने कैमरा ट्रैप लगाया है।
बन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कल गुरुवार की रात जंगलों में लगे कैमरे में तेंदुआ एक सेही का शिकार करते हुए देखा गया था। इसके बाद से आईआईटी प्रशासन और वन विभाग की टीम और ज्यादा सतर्क हो गई है और लगातार तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगलों में घूम रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल पाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button