दानापुर रेल मंडल को औंटा हाल्ट पर उपरिगामी पैदल पार सेतु का निर्माण शीघ्र पूरा करवाकर उसे चालू करना चाहिए!
विचार विमर्श बिहार: रेल यातायात
राजीव कुमार झा
बिहार में हथिदह और सिमरिया के बीच गंगा नदी पर रेल सड़क पुल के निर्माण का कार्य ज़ोर शोर से जारी है और पटना मोकामा फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग से सड़क पुल को जोड़ने के बाद अब यहां सड़क पुल को चालू भी कर दिया गया है लेकिन लखीसराय और बड़हिया से एन एच 80 से गुजर कर आने वाले वाहनों का आना जाना पुराने राजेन्द्र पुल से ही है।
गंगा नदी पर यहां जो रेल पुल बन रहा है उसके चालू होने में अभी कुछ महीने और लगेंगे। हथिदह में जो रेल पुल बन रहा है उस पर पटना से आने वाली रेलगाड़ियां औंटा से अपना अलग
रास्ता बनाती हुई आगे बढ़ेंगी। रेल मंत्रालय ने इस क्रम में औंटा हाल्ट के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू किया है। इसमें प्लेटफार्म नंबर एक और दो के बीच उपरिगामी पैदल पार पथ का निर्माण भी यहां हो रहा है। औंटा के पास सीआरपीएफ कैंप भी है। यहां उपरिगामी पैदल पार पथ का निर्माण सबसे पहले पूरा कर लिया जाना चाहिए क्योंकि यात्रियों के लिए खासकर बच्चों और महिलाओं के लिए अक्सर प्लेटफार्म नंबर एक और दो के बीच स्थित दो तीन पटरियों को पैदल पार करके इनके बीच आना जाना करना जानलेवा दुर्घटना का कारण बन सकता है।
औंटा स्टेशन का भवन बनकर तैयार हो गया है। यहां स्टेशन के बाहर सीआरपीएफ कैंप की तरफ मोकामा जाने वाली सड़क के किनारे स्थित गड्ढों को भी भरना जरूरी है। इन सब कार्यों को पूरा करने पर दानापुर रेल मंडल को ध्यान देना चाहिए।




