दार्जिलिंग का ऐतिहासिक पब ‘ग्लिनरीज़’ बंद, आबकारी विभाग की नज़र में अजय एडवर्ड
अजित प्रसाद /दार्जिलिंग : पहाड़ी शहर दार्जिलिंग के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित पब ‘ग्लिनरीज़’ (Glenary’s) के बार को दार्जिलिंग जिला आबकारी विभाग ने बंद कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पब में कई अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। ग्लिनरीज़ प्रबंधन, यानी अजय एडवर्ड पर दस्तावेजों के बिना पब चलाने का आरोप लगा है। इन्हीं आरोपों के आधार पर मंगलवार को जिला आबकारी विभाग ने ग्लिनरीज़ के पब में छापा मारा।
विभाग ने पाया कि पब में आवश्यक दस्तावेज़ों की कमी थी और अनियमित गतिविधियाँ चल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर पब को अगले तीन महीनों के लिए निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।
जिला आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने बताया: “अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर छापा मारा गया था। कागजात में कमी तो है ही। इसे अगले तीन महीनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। अगर वह इन तीन महीनों के भीतर अपील करना चाहते हैं, तो कर सकते हैं। हालांकि, इन अनियमितताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”




