किसानों की आय वृद्धि व जल संरक्षण को लेकर डी0एम0 ने की दो महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा*
*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी, जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्यान विभाग से संबंधित दो महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इन बैठकों में एकीकृत बागवानी विकास मिशन तथा पर ड्रॉप मोर क्रॉप–माइक्रो इरीगेशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही ये योजनाएँ किसानों की आय दोगुनी करने, उन्नत खेती को प्रोत्साहित करने और जल संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों तक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुँचाया जाए और उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन समय से उपलब्ध हो।
*एकीकृत बागवानी विकास मिशन*
बैठक में बताया गया कि इस मिशन के तहत फल, सब्ज़ी, फूल एवं मसालों एवम मशरूम की खेती के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजना है। इसके तहत जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध, उन्नत किस्मों के बीज तथा आधुनिक खेती तकनीकों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा बल्कि किसानों को अधिक लाभ भी मिलेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों को जागरूक करने के लिए प्रशिक्षण व गोष्ठियों का आयोजन किसान दिवस के अवसर पर व ब्लॉकों में नियमित रूप से किया जाए।
*पर ड्रॉप मोर क्रॉप–माइक्रो इरीगेशन योजना*
दूसरी बैठक में माइक्रो इरीगेशन (टपक सिंचाई/स्प्रिंकलर) योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह तकनीक जल संरक्षण की दिशा में कारगर है, जिससे कम पानी में अधिक क्षेत्र की सिंचाई संभव हो पाती है। इससे पानी की बचत के साथ-साथ उत्पादन में भी वृद्धि होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को इस तकनीक को अपनाने हेतु प्रोत्साहित करें और पात्र किसानों को शीघ्र अनुदान उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, उप निदेशक उद्यान श्रीमती गीता त्रिवेदी, जिला उद्यान अधिकारी सहित मंडी सचिव जनपद के प्रगतिशील कृषकबन्धु व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।




