बहरोड़ में नकली सरस घी का भंडाफोड़, शादी में सप्लाई से पहले ही पकड़ा माल !
सरस डेयरी के नाम पर बिक रहा 75 किलो नकली घी जब्त !
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से लिए सैंपल, एफआईआर की तैयारी !
कोटपूतली-बहरोड़-
खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं औषधि नियंत्रक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आशीष सिंह शेखावत के निर्देशानुसार सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहरोड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेसर्स श्री श्याम एजेंसी पर छापा मारकर लगभग 75 किलो नकली सरस घी जब्त किया।
सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा मौके पर पहुंचीं और पाया कि दुकान पर जयपुर सरस डेयरी के नाम से पांच टीन नकली घी रखा हुआ था। जयपुर सरस डेयरी से पुष्टि करने पर सामने आया कि यह घी उनके उत्पादों से संबंधित नहीं है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि एजेंसी संचालक संतराम यादव ने यह नकली घी शादी समारोह में उपयोग के लिए मंगवाया था। मौके पर मौजूद अलवर सरस डेयरी टीम ने भी नकली उत्पाद की पुष्टि करते हुए विभाग को सूचित किया। जांच में यह भी सामने आया कि श्री श्याम एजेंसी का सरस डेयरी से कोई वैध रजिस्ट्रेशन नहीं है इसके बावजूद वह बड़े स्तर पर सरस ब्रांड का घी, दूध एवं पनीर बेच रही थी।
सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा—
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा ने सैंपल लेकर जांच के लिए जयपुर लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर एफएसएसएआई एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं सरस ब्रांड के कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।




