शराब गोदाम पर फिरौती के लिए की फायरिंग और आगजनी !
कर्मचारी का चेहरा झुलसा, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस !
कोटपूतली-बहरोड़-
कस्बे के गोपालपुरा रोड स्थित खरकड़ी मोड़ पर एक शराब गोदाम में शनिवार रात्रि को फिरौती के लिए की गई फायरिंग और आगजनी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हमलावरों ने देर रात शराब गोदाम पर फिरौती मांगी, कर्मचारी के मना करने पर गोदाम में आग लगाते हुए फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। इस वारदात में गोदाम पर सो रहे कर्मचारी का आंशिक रूप से चेहरा झुलस गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मांगी 50 हजार की फिरौती—-
शराब गोदाम व्यवस्थापक धर्मपाल पुत्र मनोहरलाल गुर्जर निवासी खेड़की मुक्कड़ ने पुलिस को दी नामजद रिपोर्ट में बताया कि कर्मचारी रंगलाल गोदाम की देखरेख व निगरानी में रात को वहीं सो रहा था। रात करीब 11:30 बजे गोपालपुरा निवासी नाजीम, धन्ना और उनके 3-4 साथी गोदाम पहुंचे और धमकाते हुए 50,000 रूपए की फिरौती की मांग करने लगे। जब रंगलाल ने विरोध किया तो उन्होंने गालियां देते हुए गोदाम में आग लगाने का प्रयास कर मौके से फरार हो गए। इस दौरान कर्मचारी रंगलाल आग की चपेट में आ गया और उसका चेहरा झुलस गया। वह किसी तरह जान बचाकर बाहर निकला।
फिर लौटे और फायरिंग कर फैलाई दहशत—-
घटना यहीं नहीं रुकी। करीब 12:40 बजे आरोपी दोबारा बोलेरो गाड़ी में सवार होकर वापस लौटे और गोदाम के बाहर 2 से 3 राउंड फायर किए। जाते-जाते धमकी दी की अगर पुलिस में शिकायत की तो तुम्हारा हाल और बुरा करेंगे।
पुलिस ने गंभीर धाराओं में दर्ज किया केस—–
कोटपूतली थाने में धर्मपाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश जारी है।



