हैदरगढ़ पुलिस ने लूट की घटना का किया खुलासा, महिला से लूटपाट करने वाला लुटेरा गिरफ्तार, मंगलसूत्र व मोबाइल बरामद, साथी की तलाश जारी

*महिला से लूटपाट करने वाला लुटेरा गिरफ्तार*

 

*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी*

बाराबंकी। थाना हैदरगढ़ पुलिस टीम द्वारा 01 शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया गया, अभियुक्त के कब्जे से लूट की घटना से सम्बन्धित मंगल सूत्र, मोबाइल व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया।

थाना हैदरगढ़ क्षेत्रान्तर्गत लक्ष्मनगढ़ नहर कोठी के पास एक महिला साइकिल से अपने भाई के साथ तहसील हैदरगढ़ जा रही थी तभी रास्ते में 02 अज्ञात स्पलेण्डर बाइक (बिना नम्बर प्लेट) सवार व्यक्ति मोबाइल, मंगलसूत्र व कान की बाली छीनकर भाग गए थे। उक्त घटना के सम्बन्ध में थाना हैदरगढ़ पर मु0अ0सं0 300/2025 धारा 309(4) बीएनएस पंजीकृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा घटना के सफल अनावरण, अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया व आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। इसी क्रम में थाना हैदरगढ़ पुलिस टीम द्वारा मैनुअल इंटेलीजेन्स एवं डिजिटल डेटा व सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना का अनावरण करते हुए दिनांक 25.08.2025 को अभियुक्त रामबिहारी पुत्र थनई निवासी गौरी थाना लोनीकटरा जनपद बाराबंकी को दयालगंज रेगुलेटर के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से घटना से सम्बन्धित एक अदद मंगल सूत्र पीली धातु व एक अदद एण्ड्राएड फोन व घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल स्प्लेण्डर बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।

पूछताछ एवं जांच से ज्ञात हुआ कि गिरफ्तार अभियुक्त रामबिहारी अपने एक अन्य साथी उमेश पुत्र दुजई निवासी गौरी थाना लोनीकटरा जनपद बाराबंकी के साथ मिलकर राह चलते लोगों को चिन्हित कर घटना को अंजाम देते हैं। दिनांक 23.08.2025 को थाना हैदरगढ़ क्षेत्रान्त्रर्गत ग्राम लक्ष्मनपुर, नहर कोठी के पास एक महिला अपने भाई के साथ साइकिल से जा रही थी तभी अभियुक्तगण महिला से मंगल सूत्र व मोबाइल छीनकर बरामद मोटर साइकिल से भाग गए थे। घटना कारित करने में प्रयुक्त मोटर साइकिल अभियुक्त उमेश द्वारा चारबाग, लखनऊ से चोरी की गयी थी। पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button