नक्शे से बहुत भव्य है भारत… PM मोदी से बातचीत में बोले ISS पर मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला

रिपोर्ट : विनय चतुर्वेदी

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में गए पहले भारतीय शुभांशु शुक्ला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बात की. पीएम मोदी ने बातचीत की शुरुआत नमस्कार से की. कहा कि आज आप भारत से दूर हैं, लेकिन भारत की आकांक्षाएं आपके साथ हैं. पीएम ने कहा कि आपके नाम में भी शुभ है, आपकी यात्रा नए युग का शुभारंभ भी है, इस दौरान पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा कि आपको पृथ्वी मां की परिक्रमा लगाने का सौभाग्य मिला है.आज आप भले ही भारतभूमि से दूर हैं, लेकिन भारतवासियों के दिल के सबसे करीब हैं. आपके नाम में भी शुभ है और आपकी अंतरिक्ष की यात्रा भी शुभ रही. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय भले ही सिर्फ हम दोनों बात कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी जुड़ी हुई हैं, मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है. अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको बधाई देता हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि मेरी आदत है कि जब किसी से मिलता हूं, होमवर्क भी देता हूं. शुभांशु से पीएम मोदी ने कहा कि आपका होमवर्क ये है कि आपको जो अनुभव मिल रहा है, उससे हमें गगनयान को आगे बढ़ाना है, हमें अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाना है, चंद्रमा पर भारतीय एस्ट्रॉनॉट की लैंडिंग भी करानी है. इस पर शुभांशु ने कहा कि यहां पर मुझे जो अनुभव मिल रहे हैं, वह बहुत कीमती हैं. मैं जब वापस आऊंगा, तो निश्चित ही गगनयान समेत अन्य मिशनों को आगे बढ़ाने के लिए काम करूंगा. शुभांशु ने बताया कि गगनयान को लेकर स्पेस स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों में भी उत्साह है. मुझे खुशी हुई जब उन्होंने पूछा कि हम कब गगनयान पर जा सकते हैं.
बातचीत के क्रम में पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि वहां सब कुछ कुशल मंगल है? इस पर शुभांशु ने कहा कि यहां सब ठीक है, आप सभी के आशीर्वाद और प्यार की वजह से यहां बहुत अच्छा लग रहा है. मेरी पृथ्वी से ऑर्बिट तक की 400 किमी की यात्रा बेहद अहम रही. उन्होंने कहा कि आज मैं गर्व महसूस कर रहा हूं कि मैं अपने देश का अंतरिक्ष में प्रतिनिधित्व कर पा रहा हूं.

पीएम मोदी ने कहा कि हर भारतीय देख रहा है कि आप कितने डाउन टू अर्थ हैं,
इसके बाद पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि अंतरिक्ष की विशालता देखकर पहला ख्याल क्या आया? इस सवाल के जवाब में शुभांशु ने कहा कि पहला ख्याल ये आया कि बाहर से कोई बॉर्डर दिखाई नहीं देता.सब एक जैसा दिखता है. हम भारत को मैप पर देखते हैं, भारत सच में बहुत भव्य दिखता है, जितना नक्शे पर देखते हैं, उससे बहुत ज्यादा भव्य दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि बाहर से देखने पर लगता है कि कोई राज्य या कोई देश नहीं है, बल्कि लगता है कि हम सब एक हैं.

शुभांशु ने पीएम मोदी से कहा कि आपसे बात करते वक्त मैंने अपने पैर बांध रखे हैं, क्योंकि यहां जीरो ग्रेविटी है, ऐसा नहीं करूंगा तो उड़ने लगूंगा. साथ ही कहा कि यहां सोना बहुत बड़ी चुनौती है. चलना और खाना-पीना भी चुनौती है. क्योंकि हमारा शरीर ग्रैविटी का बहुत ज्यादा आदी हो जाता है तो यहां बड़ी मुश्किल होती है.
पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान की सफलता के बाद देशभर के बच्चों में अंतरिक्ष को एक्सप्लोर करने का जज्बा बढ़ा है. आपकी यात्रा बच्चों को नया जज्बा देती है. आप भारत की युवा पीढ़ी को क्या मैसेज देंगे? इसके जवाब में शुभांशु ने कहा कि मैं यंग जेनरेशन से कहूंगा कि हमने बड़े सपने देखे हैं उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी, सफलता का एक रास्ता नहीं होता. हमेशा प्रयास करते रहिए, कभी गिवअप मत करिए, सफलता कभी न कभी जरूर मिलेगी.

पीएम मोदी ने कहा कि हमें अंतरिक्ष में अपना स्टेशन बनाना है, चंद्रमा पर भारतीय एस्ट्रोनॉट की लैंडिंग करानी है, आपके अनुभव हमारे बहुत काम आने वाले हैं. इस पर शुभांशु ने कहा कि मैं हर बात का यहां पर बारीकी से अध्ययन कर रहा हूं. मेरे साथियों ने मुझसे पूछा था कि हम कब गगनयान पर जाएंगे तो मैंने कहा था जल्द ही. मैं उम्मीद करता हूं कि मेरे अनुभव बहुत काम आएंगे. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शुभांशु मुझे आपसे बात करते बहुत आनंद आया. मैं कह सकता हूं कि ये भारत के गगनयान मिशन की सफलता का पहला अध्याय है. ये हमारी विकसित भारत यात्रा को नई गति और मजबूती देगा. भारत दुनिया के लिए स्पेस की नई संभावनाओं के द्वार खोलने जा रहा है.
इस दौरान शुभांशु शुक्ला ने कहा कि मेरी ये यात्रा अद्भुत रही, यहां पहुंचने के बाद मुझे लगता है कि ये मेरे देश के लिए बड़ा अचीवमेंट है, मैं देश के बच्चों से कहूंगा कि आप अपना भविष्य बेहतर बनाइए. क्योंकि इससे न सिर्फ बच्चों का, बल्कि देश का भविष्य भी उज्जवल होगा. शुभांशु ने कहा कि हमेशा एक बात मन में रखें कि ‘स्काई इज नेवर द लिमिटि’. शुभांशु ने कहा कि मेरे पीछे जो आप तिरंगा देख रहे हैं ये पहले नहीं था, मैंने कल ही इसे यहां लगाया है.ये मेरे लिए बहुत इमोशनल मोमेंट है. बातचीत के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु से कहा कि आप अपना ध्यान रखें, मां भारती का मान बढ़ाएं. आपको 140 करोड़ देशवासियों की शुभकामनाएं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button