स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर बनाएं स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा: डीएम

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के क्रियान्वयन के लिए बैठक का आयोजन

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। मंगलवार को प्रेक्षा गृह आर्ट गैलरी कंकौल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के क्रियान्वयन के लिए बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, मेला पंडाल कमेटी एवं संघ के सदस्यों के साथ समीक्षा की। मौके पर पुलिस अधीक्षक, मनीष, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

यह ब्रीफिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 17 सितंबर को शुभारंभ होकर महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के अनुरूप तैयार की गई है। जो महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता को मजबूत बनाने पर केंद्रित है।

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय एवं महिला बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाला यह देशव्यापी अभियान महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक प्रयास है। इसका उद्देश्य स्वस्थ नारी से सशक्त परिवार एवं सशक्त भारत का निर्माण है। अभियान के प्रमुख घटकों में स्वास्थ्य जांच शिविर, जिसमें जिले में अधिक से अधिक शिविरों का आयोजन, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी, स्किल सेल रोग, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर आदि की मुफ्त जांच एवं उपचार। प्रत्येक शिविर में 300 से अधिक महिलाओं का लक्ष्य शामिल है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं

गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, पोषण परामर्श एवं वेलनेस सत्र/जागरूकता कार्यक्रम: मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित आहार, रसोई तेल की कम खपत, जीवनशैली रोगों की रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य पर सत्र। आयुष मंत्रालय के सहयोग से योग सत्र एवं प्रकृति परीक्षण कियोस्क स्थापित किए जाएंगे।

रक्तदान एवं अन्य गतिविधियां

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, पौधारोपण एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण जागरूकता। राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंदौर से शुभारंभ किया जाएगा। जिले में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दैनिक स्क्रीनिंग एवं शिविर लगाए जाएंगे।

स्वच्छता ही सेवा अभियान

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाला यह जन आंदोलन स्वच्छता को सबकी साझा जिम्मेदारी बनाने पर जोर देता है। महात्मा गांधी के स्वच्छता दर्शन से प्रेरित यह अभियान स्वास्थ्य अभियान के साथ एकीकृत रूप से संचालित होगा। प्रमुख गतिविधियां: स्वच्छता श्रमदान: सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, अस्पतालों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर सफाई अभियान, कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का निर्माण।
जागरूकता सत्र: स्वच्छता, पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर सामुदायिक कार्यक्रम, जिसमें महिलाओं एवं किशोरियों की भागीदारी सुनिश्चित।
सहयोगी प्रयास: विभिन्न मंत्रालयों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का सक्रिय सहयोग। अभियान के तहत पौधारोपण, रक्तदान एवं स्वच्छता प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान स्वस्थ नारी अभियान के साथ जुड़कर महिलाओं के स्वास्थ्य को स्वच्छ पर्यावरण से जोड़ेगा, क्योंकि स्वच्छता ही सेवा का मूल मंत्र है। ब्रीफिंग सत्र में अधिकारियों ने अभियानों के लक्ष्यों, समय-सारिणी एवं भूमिकाओं पर विस्तृत चर्चा की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने का माध्यम है। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला एवं बच्चा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाए तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाए। स्वास्थ्य इकाइयों पर पूर्व से ही स्वच्छता अभियान चलाकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं स्थानीय नेताओं को जागरूकता फैलाने के लिए जोड़ा जाएगा। यह अभियान पूरे देश में “होल-ऑफ-गवर्नमेंट” एवं “होल-ऑफ-सोसायटी” दृष्टिकोण पर आधारित हैं, जिसमें केंद्र, राज्य एवं स्थानीय स्तर पर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। जिले/राज्य में सफल क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं।साथ ही नगर आयुक्त नगर निगम ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र एवं नगर निकाय क्षेत्रों में सफाई अभियान छठ पर्व तक प्रारंभ रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button