युवाओं को अब बिहार में ही मिलेगा 12 हजार रूपये तक का रोजगार: प्रशांत किशोर

एपीएस स्कूल के खेल मैदान में जन सुराज की विशाल जनसभा का आयोजन

 

शकील बेग

नावकोठी, बेगूसराय संवाददाता।प्रखंड मुख्यालय स्थित एपीएस स्कूल के खेल मैदान में जन सुराज की विशाल जनसभा का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के लोगों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने पीएम मोदी को मंदिर के लिए वोट दिया, मंदिर तो बन गया। जाति के नाम पर वोट दिया तो नीतीश कुमार ने जाति गणना करा दिया। पीएम मोदी बिहार के लोगों का वोट और देशभर का पैसा लेकर अपने राज्य गुजरात में फैक्ट्री लगवा रहे हैं। आपने अभी तक अपने बच्चों के लिए वोट नहीं दिया। इसलिए आपके बच्चे मोदी के गुजरात में जाकर उन्हीं फैक्ट्रियों में मजदूरी कर रहे हैं। मोदी का चेहरा देख कर वोट दिया तो चायवाला प्रधानमंत्री बन गया। नीतीश का चेहरा देखकर वोट दिया तो वैद्य का लड़का 20 साल से शासन कर रहा है। इस बार नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें, चाहे लालू हो, नीतीश हो या मोदी हो। इस बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें। उन्होंने बेगूसराय की जनता से वादा करते हुए कहा कि छठ के बाद युवाओं को बिहार में ही 10–12 हजार रूपये का रोजगार मिलेगा। बुजुर्गों को 2000 रुपये पेंशन, बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा भी देंगे। 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रूपये मासिक पेंशन दी जायेगी। सरकारी विद्यालयों में सुधार नहीं हो जायेगा, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाएं और उनकी फीस सरकार भरेगी ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ सके। सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने की। संचालन महासचिव तुफैल अहमद खान ने किया। इस अवसर पर लोक गायक छैला बिहारी, डॉ संजय पासवान, पूर्व डीएसपी रामचंद्र राम, शिवचन्द्र पासवान, नीलकमल कुमारी, डॉ मृत्युंजय कुमार, आरएन सिंह, डॉ रंजन चौधरी, सुधांशु कुमार, ग़ालिब शाहीन, त्रिभुवन राय, रामनरेश पासवान, रामनंदन पासवान, अमित कुमार, मो वासिम सहित अन्य मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button