बेगूसराय में शुरू होने जा रहा है ‘खेल का महाकुंभ’
राज्य स्तरीय मशाल वॉलीबॉल और जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, बिहार पटना एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वाधान में जिले में राज्यस्तरीय मशाल वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 6 अक्टूबर तक गांधी स्टेडियम बेगूसराय में होने जा रहा है। जिसमें पूरे राज्य से 38 जिले की अंडर 16 बालक वर्ग की टीम शिरकत करेंगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी टीमें बेगूसराय पहुंच चुकी हैं। जहां जिला प्रशासन बेगूसराय की ओर से उनके आवासन, खानपान, सुरक्षा आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। राज्य स्तरीय मशाल वॉलीबॉल अंडर 16 बालक वर्ग प्रतियोगिता का उद्घाटन गांधी स्टेडियम में होगा। जिसकी शानदार मेजबानी के लिए जिला प्रशासन बेगूसराय और खेल विभाग बेगूसराय पूरी तरह से तैयार है। इसके साथ ही 6 अक्टूबर से जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन शुरू होने जा रहा है। जो 11 अक्टूबर तक चलेगा। यह आयोजन गांधी स्टेडियम बेगूसराय, बीपी उच्च विद्यालय बेगूसराय, बीएसएस कॉलेजिएट प्लस टू विद्यालय बेगूसराय, श्रीकृष्ण सिंह इंडोर स्टेडियम बेगूसराय, कल्याण केंद्र बरौनी रिफाइनरी बेगूसराय में आयोजित होगी। इस खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन 6 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे होगा। इसकी जानकारी देते हुए उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय श्याम सहनी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे जिले के स्कूली बच्चे शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 वर्ग में लगभग 35 खेल विद्या का आयोजन होना है। जिसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, भारत्तोलन, बास्केटबॉल, शतरंज, हैंडबॉल, रग्बी, क्रिकेट, कुश्ती कराटे आदि खेल का आयोजन कराया जाएगा। जिसमें वर्ग 6 से लेकर 12वीं वर्ग के स्कूली बच्चे भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में बिहार राज्य अंतर्गत मान्यता प्राप्त विद्यालय, महाविद्यालय का नियमित छात्र-छात्रा होना अनिवार्य है। सीबीएसई और आईसीएसई या सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय के बच्चे भी इस प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
एथलेटिक्स में एक प्रतिभागी अधिकतम तीन विद्या में भाग ले सकते हैं। एथलेटिक्स को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी एक से अधिक खेल विधा में भाग नहीं ले सकते हैं। प्रत्येक विद्यालय का जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए एक बैनर होना अति आवश्यक है। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभागी विभिन्न खेल दलों के साथ दल प्रबंधक/ क्रीड़ा प्रभारी के साथ प्रतियोगिता में शामिल होना सुनिश्चित करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक विधा में कम से कम पांच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य होगी। प्रत्येक विद्यालय अपने विद्यालय दल को विद्यालय क्रीडा कोष या अन्यान्य मद से खेल, पोशाक, यात्रा व्यय, अल्पाहार आदि की व्यवस्था करेगा। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति से खेली जाएगी। खेल प्रतियोगिता का आरंभ सुबह 9:00 से होगा। 6 अक्टूबर को कल्याण केंद्र रिफाइनरी में ताइक्वांडो, इंडोर स्टेडियम बेगूसराय में कराटे, गांधी स्टेडियम बेगूसराय में हैंडबॉल, बीपी प्लस टू विद्यालय में क्रिकेट (अंडर 14) का आयोजन होगा। 7 अक्टूबर को कल्याण केंद्र रिफाइनरी में ताइक्वांडो और बास्केटबॉल, इनडोर स्टेडियम बेगूसराय में बुशु, बीपी प्लस टू विद्यालय में क्रिकेट (बालक अंडर 17) का आयोजन होगा। 8 अक्टूबर को गांधी स्टेडियम बेगूसराय में खो-खो, तीरंदाजी और सेपकटाकरा, बीपी प्लस टू विद्यालय में क्रिकेट (बालक अंडर 19) और भारततोलन तथा इंडोर स्टेडियम बेगूसराय में बैडमिंटन का आयोजन होगा। 9 अक्टूबर को गांधी स्टेडियम बेगूसराय में शतरंज और एथेलेटिक्स (बालक) बीपी प्लस टू विद्यालय में कबड्डी, केएल उच्च विद्यालय मटिहानी में रग्बी (बालक/बालिका) का आयोजन होगा। 10 अक्टूबर को गांधी स्टेडियम बेगूसराय में एथेलेटिक्स (बालिका) का आयोजन होगा। 11 अक्टूबर को गांधी स्टेडियम बेगूसराय में वॉलीबॉल, फुटबॉल, योगा, हॉकी और कुश्ती (बालक) का आयोजन होगा। सभी खिलाड़ी अपने पोशाक में भाग लेंगे। खेल विधा में दर्शाए गए आयु वर्ग में निबंधित खिलाड़ी भाग लेंगे। विद्यालय प्रधान द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र और संबंधित शिक्षक के साथ ही खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतिभागी खिलाड़ी खेल के दौरान अपने साथ आधार कार्ड या विद्यालय परिचय पत्र मूल रूप से अवश्य रखेंगे। इस प्रतियोगिता में पूरे जिले से लगभग 4000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।




