जागरूकता वाहन को प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
राष्ट्रीय लोक अदालत और मेडिएशन फॉर नेशन को सफल बनाने के लिए लोगों में जागरूकता फैलाने का काम करेगा जागरूकता वाहन
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत, मेडिएशन फॉर नेशन को सफल बनाने व लोगों में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रांगण से जागरूकता वाहन को प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश प्रसाद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता वाहन रवाना होने से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्या ने बताया कि 13 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थ अभियान मेडिएशन फॉर द नेशन अभियान की सफलता के लिए जागरूकता वाहन को रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि प्रचार -वाहन जिले के गांव-गांव में जाकर 13 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत और मेडिएशन फॉर द नेशन के बारे में विस्तृत रूप से लोगों को बताएगा। उन्हें जानकारी देगी ताकि अधिक से अधिक संख्या में पक्षकार इसका लाभ ले सके। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन महीने से तैयारी की जा रही है। जिसमें अभी तक लगभग 15000 पक्षकारों को नोटिस किया गया है। पिछले एक महीने से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अलग-अलग विभाग के साथ बैठक की जा रही है। इस बार पंचायत स्तर पर विशेष रूप से मामलों के निष्पादन का काम किया गया है। जिसमें प्रखंड स्तर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम जाकर पंचायत समिति के सदस्य, सरपंच एवं न्यायमित्रों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए बैठक हुई। जिसमें उन्हें प्रोत्साहित भी किया गया कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिलकर राष्ट्रीय लोक अदालत में होने वाले मामलों को किस प्रकार सुलह के माध्यम से निष्पादित किया जाता है। साथ ही मेडिएशन फॉर द नेशन अभियान के बारे में भी उन्हें बताया जाएगा। प्राधिकार के सचिव न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्या ने बताया कि हमलोग इस प्रयास में लगे हुए हैं। इस बार 13 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लोग पहुंचे और उनके मामलों का निष्पादन हो। हम लोगों ने बिजली विभाग, बैंक, इंश्योरेंस कंपनी के साथ विशेष रूप से बैठक की। ताकि अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ मिल सके। साथ ही पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों को भी आवश्यक दिशा एवं निर्देश दिए गए हैं ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत में पंचायत स्तर के अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन हो सके। मौके एससी/एसटी कोर्ट के विशेष न्यायाधीश राज नारायण निगम, एसडीजेएम रूबी कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी राकेश कुमार, कंचन रानी, सुशांत कुमार, जिला वकील संघ के अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सिंह, जिला वकील संघ के महासचिव ताराकांत झा, एलएडीसी के चीफ अशोक कुमार सिंह, असिस्टेंट चीफ एलएडीसी शशि भूषण प्रसाद सिंह, एलएडीसी के सदस्य अशोक कुमार झा,अखिलेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, लोक अदालत के सहायक इंद्रसेन शर्मा, उदय कुमार, शशि कुमार, संगम मिश्रा, सौरभ कुमार, आलोक कुमार, पीएलवी शैलेश कुमार, प्रभात कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार, मुरारी कुमार, कोनैन अली, नन्द किशोर दास, सुमन कुमार उपस्थित थे।


