*छात्रा दुष्कर्म-हत्या कांड में गुप्ता हॉस्पिटल घेरे में, जांच टीम पहुंची तो डॉक्टर फरार*

 

_रमेश ठाकुर – नरकटियागंज, पश्चिम चंपारण_ मैनाटांड़ थाना क्षेत्र की नाबालिग छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म व मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आज नरकटियागंज स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम एवं शिकारपुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से नरकटियागंज स्थित गुप्ता हॉस्पिटल पर छापेमारी की।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता की तबीयत बिगड़ने के बाद उसका इलाज गुप्ता हॉस्पिटल में कराया गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। मामला सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों और सामाजिक संगठनों द्वारा अस्पताल की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे।

जांच टीम के अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर और अन्य जिम्मेदार कर्मी मौके से नदारद पाए गए, जिससे संदेह और गहरा गया है। टीम ने अस्पताल में इलाज संबंधी दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अस्पताल पहले भी कई बार लापरवाही और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रहा है। आए दिन यहां मरीजों की मौत या अन्य अनियमितताओं की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं की गई थी।

इस घटना के बाद अब लोगों में उम्मीद जगी है कि प्रशासन द्वारा इस बार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस भी अलग से अपनी जांच में जुटी है।

जिले के वरीय अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि यदि गुप्ता हॉस्पिटल की भूमिका संदिग्ध पाई गई, तो न सिर्फ इसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा, बल्कि जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button