प्रेरणा संस्था के इतिहास में जुड़ा एक नया अध्याय, कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक ने किया चौपाल का निर्माण कार्य आरम्भ

प्रेरणा वृद्धाश्रम परिसर में प्रस्तावित चौपाल का निर्माण कार्य हुआ आरंभ

 

अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र, 2 अप्रैल : प्रेरणा संस्था ने बुधवार को एक नई उपलब्धि हासिल की है तथा इस उपलब्धि के रूप में संस्था के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उल्लेखनीय है कि प्रेरणा संस्था द्वारा प्रेरणा वृद्धाश्रम के परिसर में पहले ही देश के शहीदों के लिए देश का एकमात्र इनडोर शहीद स्मारक, हरियाणवी संस्कृति संग्रहालय, पुस्तकालय, भव्य ऑडिटोरियम, प्रेरणा संस्कार केंद्र, प्रेरणा वाणी केंद्र व स्टूडियो, भव्य सुंदर मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं। अब वृद्धाश्रम में संस्कृति एवं संस्कारों के अनुसार चौपाल का निर्माण किया जा रहा है। इस चौपाल के निर्माण कार्य को आरम्भ करने के लिए आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला पहुंचे। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता 18 मंजिला ज्ञान मंदिर के प्रधान राजेश गोयल ने की। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी मेहर सिंह मलिक विशिष्ट अतिथि के तौर पर पहुंचे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने अपने हाथों से ईंट लगाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा किए मंत्रोच्चारण, शंख वादन और घड़ियाल की मधुर ध्वनि से सारा वृद्धाश्रम गुंजायमान हो उठा। पुलिस अधीक्षक ने प्रेरणा संस्था की भूरी भूरी प्रशंसा की और कहा कि ऐसी संस्थाएं आज के समय की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि चौपाल का निर्माण समाज में सौहार्द, भाईचारा और पुरानी परंपराएं फिर से जीवित करने में एक मील का पत्थर साबित होगा। प्रेरणा वृद्धाश्रम के संस्थापक एवं संचालक डा. जय भगवान सिंगला ने कहा कि चौपाल बनाने का हमारा एकमात्र उद्देश्य अपने बच्चों में संस्कार पैदा करना है। जिससे बच्चे व युवा पुराने रीति-रिवाज, परंपराओं और संस्कारों से परिचित होकर अपने कर्तव्यों को समझ सकें। माता-पिता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभाने में सक्षम हो सकें। समारोह की अध्यक्षता कर रहे राजेश गोयल ने कहा कि मैं प्रेरणा संस्था के कार्यों से बहुत प्रभावित हूं और जब भी मैं यहां पर आता हूं तो कुछ नया सीख कर जाता हूं। उन्होंने चौपाल के निर्माण में अपनी तरफ से एक अच्छा खासा आर्थिक सहयोग भी दिया। विशिष्ट अतिथि मेहर सिंह मलिक ने कहा कि प्रेरणा संस्था जैसी संस्थाएं आज ढूंढे भी नहीं मिलती हैं। यहां पर वृद्धाश्रम में जो वृद्धों की निशुल्क सेवा हो रही है, वैसा उदाहरण पूरे भारतवर्ष में कहीं और देखने को नहीं मिलता है। इस मौके पर कलाकार ऋषभ तथा नन्ही बालिका तन्वी पपोसा ने हरियाणवी नृत्य पर एक शानदार प्रस्तुति दी। हरियाणवी लोकप्रिय गायिका गीता सिंह ने गीतों के बोल से बच्चों के द्वारा बुजुर्गों की जा रही अवहेलना को प्रस्तुत किया तो सुनकर सभी की आंखें नम हो उठी। मंच संचालन प्रो. शालिनी शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संस्था की अध्यक्षा रेनू खुंगर ने किया। इस अवसर पर हरकेश पपोसा, सी.डी.एस. कौशल, राजकुमारी पवार, किरण गर्ग, मीरा गौतम, भारत केंद्र के 30 बच्चे, सरोज सैनी, जगदीश राय, प्रेम देवी, हरिसिंह, कमाली देवी ,सुमन देवी, समीर, हर्षित, एकता, साक्षी, तन्वी, उधम सिंह, किरण, सृष्टि, आकृति इत्यादि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button