जल प्रहरी दीप सिंह को राष्ट्रीय नदी संगम में मिला सम्मान !

जल संरक्षण के लिए नंगे पैर कर रहे हैं पदयात्रा !

 

भारत पोस्ट ब्यूरो   कोटपूतली- जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने की दिशा में पहल कर रहे जिला कोटपूतली-बहरोड़ के बड़नगर निवासी जल प्रहरी दीप सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय नदी संगम 2024 में अपने मिशन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दीप सिंह को उनके समर्पण और अनोखे प्रयास के लिए सम्मानित किया। मंत्री शेखावत ने दीप सिंह की “पानी, पेड़, प्रकृति बचाओ” नंगे पैर यात्रा की सराहना करते हुए इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया।
गौरतलब है कि दीप सिंह शेखावत बड़नगर के नेतृत्व में पिछले दो महीनों से नंगे पैर पदयात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वे 2,100 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 200 से अधिक गांवों में पहुंचे और वहां के लोगों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस यात्रा के माध्यम से लाखों युवाओं, छात्रों, और किसानों तक संदेश पहुंचाने में दीप सिंह सफल रहे हैं। मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दीप सिंह के इस अभूतपूर्व प्रयास को अपने फेसबुक पेज पर भी साझा किया जिससे इस यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
इस आयोजन में ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद सरस्वती, शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर विजेंद्र शेखर सिंह, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर चिन्मय पांड्या, और आईआईटी कानपुर के प्रो. विनोद तारे समेत कई गणमान्य प्रकृति प्रेमी और जल विशेषज्ञ उपस्थित रहे। दीप सिंह शेखावत को सम्मानित किए जाने पर जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के सांसद राव राजेंद्र सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button